आज के समय में अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर पर्सनल लोन एक आसान विकल्प नजर आता है। बैंक और वित्तीय संस्थान अब डिजिटल प्रक्रिया के जरिए कम समय में लोन की पेशकश कर देते हैं। कई बार मोबाइल पर ही लोन की राशि, ब्याज दर और ईएमआई की जानकारी मिल जाती है। यही सुविधा कई लोगों को बिना ज्यादा सोचे लोन लेने के लिए भी प्रेरित कर देती है। लेकिन पर्सनल लोन का ऑफर आकर्षक दिखना और वास्तव में आपके लिए फायदेमंद होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। किसी भी लोन को स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी लागत, नियम और शर्तों को समझना बेहद जरूरी है। अक्सर लोग पर्सनल लोन लेते समय सबसे पहले ब्याज दर देखते हैं। अगर किसी बैंक या वित्तीय संस्था की ब्याज दर दूसरे विकल्पों से कम दिखाई देती है तो उसे बेहतर मान लिया जाता है। जबकि लोन की वास्तविक लागत केवल ब्याज दर से तय नहीं होती। प्रोसेसिंग फीस, अन्य शुल्क, लोन की अवधि, भुगतान में देरी पर लगने वाला चार्ज और समय से पहले लोन बंद करने के नियम भी आपकी जेब पर असर डालते हैं। इसलिए केवल कम ब्याज दर देखकर लोन का फैसला करना सही नहीं है। सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आपको वास्तव में कितनी रकम की जरूरत है।
बैंक आपकी आय और पात्रता के आधार पर उससे अधिक राशि देने के लिए तैयार हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आपको पूरी राशि उधार लेनी चाहिए। जितनी अधिक रकम का लोन होगा, उतनी ही अधिक ईएमआई और ब्याज का भुगतान करना पड़ेगा। इसलिए जरूरत के हिसाब से ही कर्ज लेना बेहतर माना जाता है। लोन की अवधि भी फैसले का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लंबी अवधि चुनने पर मासिक ईएमआई कम हो सकती है, जिससे शुरुआत में लोन चुकाना आसान लगता है। लेकिन लंबी अवधि के कारण ब्याज ज्यादा समय तक देना पड़ता है और कुल भुगतान बढ़ सकता है। दूसरी ओर, बहुत छोटी अवधि में लोन चुकाने पर ईएमआई काफी बढ़ सकती है। इससे हर महीने के घरेलू बजट पर दबाव पड़ सकता है। इसलिए ऐसी अवधि चुननी चाहिए जिसमें ईएमआई आपकी आय के अनुरूप हो और कुल ब्याज भी अनावश्यक रूप से ज्यादा न हो।
लोन लेने से पहले अपनी मौजूदा वित्तीय स्थिति का आकलन करना भी जरूरी है। अगर पहले से कोई होम लोन, वाहन लोन, क्रेडिट कार्ड का बकाया या दूसरी ईएमआई चल रही है तो नए पर्सनल लोन की किस्त आपके मासिक बजट को प्रभावित कर सकती है। सिर्फ यह देखना पर्याप्त नहीं है कि बैंक कितनी ईएमआई मंजूर कर रहा है। यह देखना ज्यादा महत्वपूर्ण है कि उस ईएमआई के बाद आपके जरूरी खर्च, बचत और आकस्मिक जरूरतों के लिए पर्याप्त पैसा बच रहा है या नहीं। बैंक या वित्तीय संस्था से लोन ऑफर मिलने के बाद दस्तावेजों को ध्यान से पढ़ना चाहिए। खास तौर पर केएफएस यानी की फैक्ट्स स्टेटमेंट को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इसमें लोन की रकम, ब्याज दर, अवधि और लागू शुल्क जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाती है। अगर अलग-अलग संस्थानों से लोन के प्रस्ताव मिले हैं तो उनके केएफएस को साथ रखकर तुलना करने से वास्तविक अंतर समझना आसान हो जाता है। कई बार मामूली अंतर दिखने वाला शुल्क पूरी अवधि में बड़ी रकम बन सकता है। इसके अलावा लोन की ब्याज दर किस प्रकार लागू हो रही है, यह भी समझना जरूरी है। केवल विज्ञापन में दिखाई गई दर देखकर फैसला न करें। यह पता करें कि आपको वास्तव में कितनी ब्याज दर पर लोन मिल रहा है और लोन की पूरी अवधि में कुल कितना भुगतान करना होगा। इससे कम दर वाले दिखने वाले दो विकल्पों के बीच वास्तविक अंतर समझने में मदद मिलेगी।
ईएमआई से लेकर शुल्क तक, हर शर्त समझकर ही लें फैसला
पर्सनल लोन लेने से पहले प्रोसेसिंग फीस और दूसरे सभी शुल्क की जानकारी लेना जरूरी है। कुछ मामलों में शुरुआती शुल्क कम दिखाई दे सकता है, लेकिन दस्तावेजों में अन्य चार्ज लागू हो सकते हैं। इसलिए बैंक से स्पष्ट रूप से पूछें कि लोन लेने के समय और बाद में कौन-कौन से शुल्क लिए जाएंगे। प्रोसेसिंग फीस, दस्तावेज संबंधी शुल्क, भुगतान में देरी का चार्ज, ईएमआई बाउंस होने पर लगने वाला शुल्क और अन्य संभावित लागत की जानकारी पहले ही लेनी चाहिए। प्रीपेमेंट और फोरक्लोजर के नियम भी जरूर समझें। भविष्य में अगर आपकी आय बढ़ती है या आपको बोनस, बचत अथवा कोई अतिरिक्त रकम मिलती है तो आप लोन का कुछ हिस्सा पहले चुकाना चाह सकते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि बैंक आंशिक भुगतान या पूरा लोन समय से पहले बंद करने की अनुमति देता है या नहीं और इसके लिए कोई शुल्क लागू होगा या नहीं।
इन नियमों को लोन लेने से पहले समझने पर बाद में परेशानी से बचा जा सकता है। लोन की ईएमआई तय करते समय केवल आज की आय को नहीं, बल्कि आने वाले महीनों के खर्च को भी ध्यान में रखना चाहिए। नौकरी, कारोबार या आय में किसी तरह का बदलाव होने की स्थिति में भी ईएमआई चुकाना संभव रहे, इसका आकलन करना बेहतर है। कोशिश होनी चाहिए कि लोन की किस्त इतनी बड़ी न हो जाए कि हर महीने का बजट असंतुलित हो जाए। क्रेडिट स्कोर भी लोन की ब्याज दर और मंजूरी की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। बेहतर क्रेडिट इतिहास वाले ग्राहकों को कई बार अपेक्षाकृत बेहतर शर्तों पर ऋण मिल सकता है।
इसलिए एक साथ कई जगह लोन के लिए आवेदन करने से पहले सावधानी बरतना चाहिए और अपनी पात्रता तथा जरूरत के हिसाब से विकल्प चुनना चाहिए। लोन लेने से पहले यह भी देखें कि संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था की शर्तें स्पष्ट हैं या नहीं। किसी एजेंट या फोन पर मिले प्रस्ताव के आधार पर जल्दबाजी में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के बजाय आधिकारिक दस्तावेजों में दर्ज जानकारी को प्राथमिकता दें। समझ में न आने वाली किसी भी शर्त को पहले स्पष्ट कर लें। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पर्सनल लोन को अतिरिक्त आय नहीं, बल्कि एक वित्तीय जिम्मेदारी के रूप में देखें। आज मिलने वाली रकम को भविष्य की कई ईएमआई और ब्याज के रूप में वापस करना होता है। इसलिए जितनी जरूरत हो, उतना ही लोन लें और ऐसी अवधि चुनें जिसमें भुगतान आपकी आर्थिक क्षमता के भीतर रहे। ब्याज दर के साथ कुल भुगतान, सभी शुल्क, ईएमआई और समय से पहले भुगतान के नियमों की तुलना करने के बाद ही अंतिम फैसला लेना ज्यादा समझदारी है।

